संभागीय आयुक्त सुश्री प्रज्ञा केवलरमानी ने बुधवार को आयुक्त कार्यालय सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उदयपुर संभाग के जिलों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में राजस्व अर्जन, लंबित प्रकरणों के निस्तारण और राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। आयुक्त केवलरमानी ने निर्देश दिए कि वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पूर्व राजस्व अर्जन के निर्धारित लक्ष्यों को हर हाल में समयबद्ध तरीके से प्राप्त किया जाए। उन्होंने एसआईआर से जुड़ी प्रक्रियाओं को तय समय सीमा में पूर्ण करने तथा आगामी जनगणना को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां प्राथमिकता से पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की लक्ष्य के मुकाबले प्रगति की समीक्षा की गई। आयुक्त ने नियमित मॉनिटरिंग करने और फील्ड स्तर की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में अतिरिक्त संभागीय आयुक्त सी.आर. देवासी, प्रादेशिक परिवहन अधिकारी ज्ञानदेव विश्वकर्मा, डीआईजी स्टाम्प रागिनी डामोर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर, एडीएम और अन्य अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े और अपने-अपने जिलों की रिपोर्ट पेश की।


