मंदसौर जिले के पिपलियामंडी में व्यापारी का लहसुन चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने रविवार को दो आरोपियों को पकड़ा है। व्यापारी अंकुर गोयल ने शिकायत में बताया था कि उनके गोदाम से लगातार लहसुन के कट्टे चोरी हो रहे थे। इस मामले में उन्होंने अपने 12 साल से कार्यरत मुनीम संजय जोशी और उसके साथियों पर संदेह जताया है। ये है पूरा मामला व्यापारी अंकुर गोयल (38 वर्ष) निवासी जैन मंदिर गली ने बताया कि 6 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 1:30 बजे उन्होंने गोदाम नंबर 44 और 45 के बाहर रखे कट्टों की गिनती की। इस दौरान उन्हें लगभग 50 किलो का एक कट्टा कम मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 1500 रुपए है। व्यापारी ने मुनीम, उसके साथी पर जताया था संदेह गोयल के अनुसार, पिछले 8 महीनों से गोदाम से उपज कम निकलने की बात सामने आ रही थी, लेकिन सबूत के अभाव में कोई कार्रवाई नहीं हो पाई थी। इस चोरी में मुनीम संजय जोशी, उसके साथी विनोद लोहार सहित कुछ अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। इस तरह पकड़ाई चोरी चोरी का खुलासा तब हुआ जब चोरी की गई लहसुन की उपज मंडी के शेड में नीलामी के लिए रखी मिली। व्यापारी ने संदेह के आधार पर शेड में जाकर उपज की पहचान की और उसे दोबारा खरीदने पर मजबूर होना पड़ा। स्थिति तब और गंभीर हो गई जब बेची गई उपज के पैसे लेने विनोद लोहार व्यापारी के कार्यालय पहुंचा। पूछताछ करने पर विनोद ने बताया कि वह संजय जोशी के कहने पर लहसुन बेचने गया था। अंकुर गोयल ने आरोप लगाया कि संजय जोशी पिछले कई महीनों से अपने अन्य साथियों की मदद से गोदाम से लहसुन के कट्टे चोरी करवाकर मंडी में बेचवा रहा था। इससे उन्हें लाखों रुपए का नुकसान होने की आशंका है। व्यापारी ने यह भी बताया कि पूर्व में भी कट्टे चोरी हुए थे, लेकिन तब उन्होंने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी। पुलिस संजय जोशी और उसके साथियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।


