आरोपी ठेकेदार के खिलाफ पूर्व में भी दर्ज हैं मामले भास्कर संवाददाता | पाली शहर मेंे मिलगेट पुलिस चौकी के पास रविवार को साइड देने की बात पर नाराज शराब ठेकेदार व उसके पिता ने स्कूटी सवार एक वृद्ध व उसके पुत्र की पिटाई कर दी। वृद्ध घायल हो गया। उन्हें बांगड़ अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना का वीडियो वायरल है। घायल की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है। औद्योगिक थाना प्रभारी जसवंतसिंह राजपुरोहित ने बताया कि पाली शहर के सुभाष नगर निवासी 70 वर्षीय जगदीशचंद्र दर्जी की सुभाष सर्कल के पास कपड़ा सिलाई की दुकान है। जहां पुलिसकर्मियों की वर्दी की सिलाई करता था। रविवार दोपहर वृद्ध जगदीश पुत्र विष्णुकांत के साथ सुभाष सर्किल के निकट सिलाई दुकान से स्कूटी लेकर घर की ओर रवाना हुआ। उसके निकट शराब की शॉप संचालित करने वाले रवींद्रसिंह निवासी ठाकुरला के पिता भवानीसिंह ने दुकान के आगे बोलेरो जीप खड़ी कर दी। वृद्ध ने गाड़ी साइड में करने की बात कही। वह गुस्सा हो गया और भवानसिंह और रवींद्रसिंह उससे सड़क पर मारपीट करने लगे। यह देख विष्णुकांत बचाने गए तो आरोपियों ने मारपीट की। मौजूद लोगों ने बीच बचाव कर दोनों घायल पिता-पुत्र को उपचार के लिए पाली के बांगड़ अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने पीड़ित विष्णुकांत की रिपोर्ट पर मामला दर्जकर किया है। पुलिस ने शराब ठेकेदार रवींद्रसिंह और पिता भवानीसिंह को शांतिभंग में गिरफ्तार किया है।आरोपी ठेकेदार के खिलाफ पूर्व में मारपीट के प्रकरण दर्ज हैं, जबकि पुलिस टीम से बदसलूकी को लेकर मामला सामने आया था।


