बिलासपुर में शराब दुकान के सामने दिनदहाड़े एक बदमाश युवक चाकू लेकर युवक को दौड़ाया, जिसके बाद उससे पैसे भी लूट लिए। हालांकि, डर के कारण युवक ने मामले की शिकायत पुलिस से नहीं की है। गुंडागर्दी कर रंगदारी और लूटपाट करने वाले बदमाश का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें वह चाकू लेकर दौड़ाते और जेब से पैसे निकालते दिख रहा है। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि घटना शनिवार की शाम की है। महाराणा प्रताप चौक स्थित शराब दुकान के सामने एक युवक अपने साथियों के साथ खड़ा था। इसी दौरान शराब दुकान के पास रहने वाला ईशु नाम का युवक भी वहां मौजूद था। उसने शराब दुकान के पास खड़े एक युवक को चाकू दिखाकर डराया और उसकी जेब से जबरन पैसे निकाल लिए। उसकी हरकतों को देखकर युवक सहम गया। डर के कारण वह किसी तरह विरोध भी नहीं कर सका। इस दौरान युवक उसे चाकू लेकर मारने भी दौड़ाया। फिर भी वो वहां से चुपचाप चला गया। नशेड़ी-बदमाश है युवक, गुंडागर्दी और रंगदारी को बनाया पेशा
बताया जा रहा है कि ईशु आदतन नशेड़ी है। वह आए दिन इस तरह से गुंडागर्दी, रंगदारी और लूटपाट करता है। लेकिन, उसके खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। दरअसल, उसकी हरकतों को देख डर के कारण लोग शिकायत भी नहीं करते। इस घटना की पुष्टि तब हुई जब दुकान के पास लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज सामने आया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि बदमाश युवक हाथ में चाकू लेकर युवक को कैसे दौड़ा रहा है। सोशल मीडिया में वायरल हो रहा वीडियो
शराब दुकान का यह सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें युवक चाकू लेकर युवक को धमकाता नजर आ रहा है। इस दौरान वो युवक के जेब से पैसे निकालते और फिर चाकू निकालकर उस पर हमला करने की कोशिश करते दिख रहा है। उसकी दहशत में युवक विरोध भी नहीं कर सका। इस वायरल वीडियो पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। सिविल लाइन टीआई एसआर साहू का कहना है कि शराब दुकान के पास लूटपाट होने की कोई जानकारी नहीं है। न ही किसी ने शिकायत की है। वायरल वीडियो की जानकारी लेकर मामले की जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


