लुधियाना| शहर में अवैध इमारतों पर कार्रवाई गई है और इसका सर्टीफिकेट निगम के चारों जोनों में तैनात बिल्डिंग ब्रांच के एटीपी ने निगम कमिश्नर को सौंप दिए हैं। सर्टीफिकेट में एटीपी ने लिखा है कि शहर के चारों जोनों में बन रही इमारतों के नक्शे पास हैं, चालान किए गए हैं और फीसें तक जमा हैं। इसके अलावा शहर में एक भी अवैध इमारत नहीं बन रही है और सभी इमारतों में नियमों के अनुसार काम देखरेख में किया जा रहा है। कमर्शियल इमारतों में पार्किंग स्पेस समेत नियमों अनुसार निर्माण किया जा रहा है। लेकिन एटीपी द्वारा सौंपी गई सभी इमारतों की सूची पर निगम कमिश्नर को शंका है। उन्होंने भरी मीटिंग में साफ कह दिया कि उनकी तरफ से जो सर्टीफिकेट एटीपी द्वारा सौंपे गए हैं, उसकी क्रॉस चैकिंग की जाएगी। इसके अलावा वार्ड वाइज भी चैकिंग होगी, अगर कोई भी इमारत बिना मंजूरी के बनती पाई जाती है तो संबंधित एटीपी पर विभागीय और कानूनी कार्रवाई होना तय है। बैठक में निगम के अतिरिक्त कमिश्नर परमदीप सिंह, एसी विनीत कुमार, जेसी अभिषेक शर्मा, एमटीपी, एटीपी, बिल्डिंग इंस्पेक्टर और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


