कासं|सवाई माधोपुर जिले में चलाए जा रहे अभियान के तहत घरेलू सिलेंडर के व्यावसायिक दुरूपयोग की रोकथाम के लिए गठित टीम ने जिले के 5 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए 55 गैस सिलेंडर जब्त किए।जिला रसद अधिकारी रामभजन मीना ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यवसायिक दुरूपयोग, अवैध भण्डारण तथा अवैध रिफिलिंग की रोकथाम के लिए कलेक्टर कानाराम के निर्देशानुसार विभिन्न प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए 55 गैस सिलेंडर जब्त किए गए। उन्होंने बताया कि गैस सिलेंडर का अनधिकृत भण्डारण तथा अवैध रूप से ऊचें दामों में विक्रय करने के कारण द्रवित पेट्रोलियम गैस आपूर्ति संबंधी स्पष्ट उल्लंघन पाए जाने पर मौके पर सिलेंडरों को जब्त करने की कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि गंगापुर सिटी में सौरभ जैन के यहां से 41 गैस सिलेंडर, मनोज कुमार शर्मा, बालाजी चौक, गंगापुर सिटी से 1 गैस सिलेंडर, बनवारीलाल गर्ग, बजरिया सवाई माधोपुर से 8 सिलेंडर, मैसर्स अर्जुन मिष्ठान भण्डार, सवाई माधोपुर शहर से 3 सिलेंडर एवं टोकियो होटल रणथम्भौर रोड सवाई माधोपुर से 2 गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इन पांचों प्रतिष्ठानों के िखलाफ द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदान और वितरण का विनियमन) आदेश 2000 का उल्लंघन करने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत प्रकरण दर्ज करते हुए कार्रवाई की जाएगी।


