भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा जिले में शहीद हुए जवानों की स्मृति में शौर्य स्मृति क्रिकेट लीग का शुभारंभ किया गया, इस दौरान मुख्य अतिथि डीआईजी कमलोचन कश्यप, एसपी गौरव राय , जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा के द्वारा माता दन्तेश्वरी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन तथा अमर शहीद जवानों के नाम पटल के समक्ष पुष्प सुमन अर्पित कर खिलाड़ियों से मुखातिब होते हुये लीग का शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता में कुल 32 टीमें हिस्सा ले रही हैं जिसमें जिले के प्रत्येक थाना से स्थानीय 2 टीम, जिला पुलिस, सीएएफ, प्रशासन, केंद्रीय पुलिस बल, पत्रकार, जनप्रतिनिधियों की टीमें शिरकत करेंगी। बता दें कि इस प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 75 हजार रुपये एवं द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये के साथ-साथ बेस्ट बैट्समेन, बेस्ट बॉलर और मेन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार भी दिया जायेगा। 15 से 25 जनवरी तक चलने वाली इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य खेल भावना का विकास और पुलिस और पब्लिक के मध्य समन्वय बनाने के साथ-साथ जिले के अन्दरूनी क्षेत्र के खिलाड़ियों की प्रतिभा को सामने लाने का एक संयुक्त प्रयास है। प्रतियोगिता के दौरान प्रत्येक दिवस सुबह 10 से शाम 5:30 बजे के मध्य 03 मैच खेले जायेंगे। टूर्नामेंट का प्रथम मैच दंतेवाड़ा ए व मालेवाही बी के मध्य खेला गया जिसमें दंतेवाड़ा ए द्वारा 131 रन का लक्ष्य दिया गया, मालेवाही बी की पूरी टीम 56 रन बनाकर आल आउट हो गयी, इस मैच के मेन ऑफ़ द मैच सचिन मसीह रहे जिन्होंने 50 रन बनाये व 2 विकेट लिए। प्रतियोगिता का दूसरा मैच गीदम बी एवं कुआकोंडा बी मैलावाड़ा के मध्य खेला गया जिसमें गीदम की टीम ने 113 रन के लक्ष्य को प्राप्त कर जीत हासिल की। मैच के मेन ऑफ़ द मैच आशीष रहे जिन्होंने टीम की जीत में 35 रन बनाये व 2 विकेट लिये। इसके पश्चात दिन का अंतिम मैच दंतेवाड़ा ए एवं गीदम बी के मध्य खेला गया जिसमें दंतेवाड़ा ए की टीम ने जीत हासिल करते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया, इस मैच के मेन ऑफ़ द मैच वेदांत गुप्ता रहे जिन्होंने अपनी टीम के लिये 4 विकेट हासिल करते हुए जीत में अहम योगदान दिया।


