भास्कर न्यूज | नारायणपुर कुनकुरी विकासखंड की ग्राम पंचायत गोरिया में प्रत्येक गुरुवार को लगने वाला साप्ताहिक बाजार में बुनियादी सुविधाओं के अभाव के कारण किसानों और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दूर-दराज से आने वाले लोग अपनी उपज और सामान बेचने पहुंचते हैं, लेकिन बाजार में उन्हें बैठने की सुरक्षित जगह तक नसीब नहीं होती है। बगैर किसी तरह की सुविधा दिए पंचायत द्वारा सभी विक्रेताओं से हर बाजार में टैक्स वसूला जाता है। बाजार में दुकानदारों के लिए लगाया गया टिनशेड बीते लगभग पांच वर्षों से जर्जर हालत में है। कई स्थानों पर यह बांस के सहारे टिका हुआ है, तो कई जगह से पूरी तरह उखड़ चुका है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब दुकानदारों को सामान समेटने पर मजबूर होना पड़ता है, जिससे व्यापार सीधे तौर पर प्रभावित होता है। इतना ही नहीं, बाजार की फर्श भी जगह-जगह से टूटी हुई है। इससे दुकानदारों को बैठने और दुकान लगाने में परेशानी होती है, वहीं ग्राहकों और ग्रामीणों को भी आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वहीं व्यापारियों का आरोप है कि पंचायत हर सप्ताह बाजार टैक्स तो सख्ती से वसूलती है, लेकिन बदले में कोई मूलभूत सुविधा मुहैया नहीं कराती। वर्षों से शेड टूटे हुए हैं, लेकिन मरम्मत के नाम पर केवल आश्वासन ही मिलते रहे हैं। हर सप्ताह दुकानदारों से पंचायत वसूलती है टैक्स व्यापारियों और ग्रामीण यह सवाल भी उठा रहे हैं कि प्रति सप्ताह हर दुकानदार से पंचायत जो राशि वसूलती है, उसका पैसा कहां जा रहा है। बता दें कि पंचायत द्वारा हर दुकान दार से दुकान के सामान और साइज के हिसाब से 20 से 50 रुपए तक वसूल किए जाते हैं। फिलहाल बजट का अभाव ^बाजार स्थल पर शेड मरम्मत योग्य है। बजट का अभाव है, इसलिए काम नहीं हो रहा है। जैसे ही कुछ आवंटन प्राप्त होगा, वहां शेड की मरम्मत करा दी जाएगी। -सुमन नागवंशी, सरपंच, गोरिया।


