गुजरात के पोरबंदर हवाई अड्डे पर हैलीकॉप्टर क्रैश में शहीद हुए कानपुर के कप्तान सुधीर कुमार यादव का अंतिम संस्कार आज बुधवार को किया जाएगा। पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनके पार्थिव शरीर को मंगलवार को उनके निवास स्थान श्याम नगर कानपुर में लाया गया था। यहां पर सभी ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद शाम को शव एयरफोर्स स्टेशन में रखवाया गया था। पहले पैतृक गांव ले जाया जाएगा
सुधीर कुमार यादव का शव उनके पैतृक गांव कानपुर देहात मैथा स्थित हरकिशनपुर ले जाया जाएगा। वहां पर उनकी यात्रा गांव में घूमने के बाद अंतिम दर्शन के लिए उनके घर पर रुकेगी। वहां पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद परिवार के लोग शव लेकर बिठूर घाट पहुंचेंगे, जहां पर राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। बड़ी संख्या में रिश्ते नातेदार मौजूद
सुधीर कुमार यादव के अंतिम दर्शन करने के लिए मंगलवार से ही उनके घर पर श्रद्धांजलि देने वालों का ताता लगा हुआ है। बड़ी संख्या में परिवार के लोग रिश्ते नातेदार और जनप्रतिनिधि पहुंचे सभी ने पुष्प अर्पित करते हुए उन्हें अंतिम सैल्यूट किया।


