शाजापुर जिले के ग्राम पतौली में शनिवार रात एक वैवाहिक आयोजन के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया। दूल्हे पक्ष की शिकायत पर लालघाटी पुलिस ने गांव के चार लोगों के खिलाफ मारपीट और जातिसूचक गालियां देने का मामला दर्ज किया था। रविवार दोपहर करीब 1 बजे दूसरे पक्ष के ग्रामीण लालघाटी थाने पहुंचे और एक शिकायती आवेदन दिया। ग्रामीणों ने बताया कि बारात निकालने के दौरान गांव के राम मंदिर के सामने अश्लील गाने बजाए जा रहे थे और डांस किया जा रहा था। ग्रामीणों के अनुसार, अश्लील गानों और डांस का विरोध करने पर दूल्हे पक्ष की ओर से विवाद किया गया और पुलिस में झूठा मामला दर्ज कराया गया। उन्होंने आवेदन देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। लालघाटी थाना प्रभारी अर्जुन सिंह मुजाल्दे ने बताया कि पतौली गांव में दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। दूल्हे पक्ष की शिकायत पर चार ग्रामीणों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आज बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने दूल्हे पक्ष के खिलाफ शिकायत की है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


