शाजापुर के दुपाड़ा मार्ग स्थित सरस्वती विद्या मंदिर सीबीएसई स्कूल में शुक्रवार को अखिल भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा का आयोजन किया गया। इस परीक्षा में स्कूल के लगभग 700 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। देश-विदेश में एक साथ होती है परीक्षा आयोजकों ने बताया कि यह परीक्षा विद्या भारती द्वारा कुरुक्षेत्र के माध्यम से आयोजित की जाती है, जो देश के साथ-साथ विदेशों में भी एक ही दिन आयोजित होती है। परीक्षा में वर्तमान विद्यार्थियों के अलावा स्कूल के पूर्व छात्र, पेरेंट्स, समाजजन तथा अन्य विद्यालयों के छात्र और शिक्षक भी शामिल होते हैं। भारतीय संस्कृति से परिचित कराना उद्देश्य परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, देश की भौगोलिक जानकारी, महान महापुरुषों के जीवन, वेदों और पौराणिक कथाओं से परिचित कराना है। इसके लिए विशेष रूप से तैयार पुस्तक में इन विषयों को सरल और रोचक भाषा में प्रस्तुत किया गया है। सालभर की जाती है तैयारी स्कूल में विद्यार्थी अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन में वर्षभर इस परीक्षा की तैयारी करते हैं। परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को कुरुक्षेत्र के माध्यम से प्रमाण पत्र प्रदान किए जाते हैं।स्कूल प्रबंधन ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में संस्कार, नैतिक मूल्य और भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता विकसित करना है।


