शाजापुर में बुधवार सुबह से मौसम में बदलाव आया है। ठंडी हवाओं और घने कोहरे के कारण कड़ाके की सर्दी महसूस की गई। शहर के अधिकतम तापमान में चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। कुछ दिन पहले तक अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री के आसपास था, जिसमें अब उल्लेखनीय कमी आई है। बुधवार को भी इसी तरह का मौसम और तापमान बने रहने की संभावना जताई गई है। सर्दी से बचाव के लिए लोगों ने अलाव जलाए बुधवार सुबह शहरी और हाईवे क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिब्लिटी काफी प्रभावित हुई। ठंड बढ़ने के कारण लोग केवल आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकले। सर्दी से बचाव के लिए शहर के विभिन्न इलाकों में अलाव जलाए गए, जबकि कई लोग घरों में गर्म कपड़े और कंबलों का उपयोग करते दिखे। वाहन चालक दुर्घटनाओं से बचने के लिए हेडलाइट जलाकर यात्रा कर रहे थे। मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि वर्तमान में आर्द्रता 31 प्रतिशत दर्ज की गई है। उत्तर-पूर्वी दिशा से औसतन 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। उन्होंने अगले दो से तीन दिनों तक इसी तरह का ठंडा मौसम बने रहने की संभावना जताई है, साथ ही जिले में कोहरा छाने की भी आशंका व्यक्त की। हालांकि, बुधवार सुबह 8 बजे के बाद धूप निकलने पर लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली।


