जशपुर जिले के फरसाबहार क्षेत्र में एक शादीशुदा महिला से छेड़छाड़ और मारपीट के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 एवं 115(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 4 जनवरी 2026 को फरसाबहार थाने में क्षेत्र की एक 38 वर्षीय शादीशुदा महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थिया ने बताया कि 3 जनवरी 2026 की सुबह लगभग 10.30 बजे वह अपने घर के आंगन में बर्तन धो रही थी और उस समय घर में अकेली थी। आरोपी ने महिला के कपड़े फाड़े इसी दौरान गांव का निवासी संजीत खलखो (उम्र 34 वर्ष) चुपचाप पीछे से आया और उसे दबोच लिया। आरोपी ने गलत नीयत से महिला के पहने साड़ी और ब्लाउज को फाड़ दिया। पीड़िता द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी ने उसे जमीन पर पटक दिया और मारपीट की। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पति को जान से मारने की धमकी देकर मारपीट की पीड़िता ने तत्काल फोन के माध्यम से अपने पति को घटना की जानकारी दी। इसके बाद जब पति आरोपी से घटना के संबंध में पूछताछ करने उसके घर पहुंचा, तो आरोपी ने घर का दरवाजा बंद कर जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ भी मारपीट की। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा प्रार्थिया की रिपोर्ट के आधार पर फरसाबहार थाने में आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी संजीत खलखो को उसके घर से घेराबंदी कर हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, साथ ही प्रकरण में पर्याप्त सबूत पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले को लेकर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस महिलाओं से संबंधित अपराधों को लेकर अत्यंत संवेदनशील है। उन्होंने बताया कि फरसाबहार क्षेत्र में शादीशुदा महिला से छेड़छाड़ और मारपीट करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।


