पाली में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। पत्नी को बाइक पर पीहर छोड़ने जा रहे पति की बाइक को तेज रफ्तार से आ रहे कार चालक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों पति-पत्नी उछलकर सड़क किनारे दूर जा गिर। गंभीर घायल पति-पत्नी को इलाज के लिए हॉस्पिटल लाया गया। हालत गंभीर होने पर 21 वर्षीय पति को जोधपुर रेफर किया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। महज 20 दिन पहले उनकी शादी हुई थी। इस हादसे ने दोनों के परिवार को तोड़कर रख दिया। हॉस्पिटल में उनके परिजनों की भीड़ लगी रही। दरअसल पाली के निकट जवड़िया गांव भाटों की ढाणी रहने वाला 21 साल का हितेश भाट पुत्र घीसाराम अपनी 18 साल की पत्नी मनीषा को पाली के राजेंद्र नगर स्थित अपने ससुराल छोड़ने के लिए सोमवार सुबह करीब आठ बजे बाइकसे रवाना हुआ। पाली शहर के औद्योगिक नगर थाना क्षेत्र में भटवाड़ा और सांई बाबा मंदिर के बीच उनकी बाइक को तेज रफ्तार से आ रहे कार ड्राइवर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों पति-पत्नी उछलकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरे। दोनों को उपचार के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया। हालत गंभीर होने पर हितेश को जोधपुर रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वही मनीषा का उपचार पाली के बांगड़ हॉस्पिटल में जारी है।
21 जनवरी को हुई थी शादी जवड़िया गांव निवासी हितेश भाट की 21 जनवरी 2025 को पाली के राजेंद्र नगर क्षेत्र रहने वाली मनीषा से सामाजिक रीति-रिवाज से धूमधाम से शादी हुई थी। दोनों काफी खुश थे। शादी के बाद दो दिन पहले ही हितेश पाली में एक मोबाइल कम्पनी पर वापस जॉब पर लगा। परिवार वालों के कहने पर सोमवार सुबह वह अपनी पत्नी मनीषा को भी बाइक पर साथ लेकर आया ताकि उसे राजेंद्र नगर स्थित उसके पीहर छोड़ सके। लेकिन बीच रास्ते यह हादसा हो गया।
परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
हादसे की जानकारी मिलते ही दोनों के परिजन और समाज के लोग बड़ी संख्या में पाली के बांगड़ हॉस्पिटल एकत्रित हुए। जोधपुर में उपचार के दौरान हितेश की मौत का समाचार सून उसके परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। कुछ ऐसा ही हाल हितेश के ससुराल वालों की थी। बोल रहे थे कि बेटी के हाथों से मेहंदी का रंग भी अभी नहीं उतरा और यह क्या हो गया। जिससे उसका सुहाग ही उजड़ गया।
SHO बोले- कार जब्त की, जांच जारी
मामले में औद्योगिक नगर थाने के SHO जसंवतसिंह राजपुरोहित ने कहा कि कार जब्त की है। गंभीर घायल हितेश की जोधपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। ASI ओमप्रकाश परिहार को जोधपुर भेजा गया है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी करवा शव परिजनों को सौंपा जाएंगा।


