जैसलमेर के निकटवर्ती बड़ाबाग गांव में चोरों ने एक बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। गुरुवार रात चोरों ने अमृत पुत्र राधाकिशन के घर पर धावा बोलकर करीब 10 तोला सोना और 20 लाख रुपए की बड़ी नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोलकर रख दी है। जानकारी के अनुसार, चोरी की घटना गुरुवार रात 8:30 से 9:30 बजे के बीच हुई। बताया जा रहा है कि चोरों ने पूरी रेकी करने के बाद उस समय को चुना जब परिवार के सदस्य गांव में ही किसी शादी में खाना खाने गए थे। चोरों ने बड़ी सफाई से अलमारियों के ताले तोड़े और कीमती आभूषण व नकदी लेकर रफूचक्कर हो गए। इलाके में दहशत, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची जैसलमेर कोतवाली थाना पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और सबूत जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) टीम को भी सूचित किया गया। पुलिस अब गांव के रास्तों और आसपास के मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। 5 दिन में दूसरी चोरी: ग्रामीणों में भारी आक्रोश बड़ाबाग क्षेत्र में पिछले कुछ समय से अपराधिक गतिविधियों में बढ़ोतरी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि महज पांच दिन पहले भी गांव में एक चोरी की घटना हुई थी, लेकिन पुलिस की ढिलाई के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं। आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी और माल की बरामदगी नहीं हुई, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। वहीं थाना प्रभारी सुरजाराम जाखड़ ने बताया- “हम मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं। संदिग्धों की धरपकड़ के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही चोरी के मामले का खुलासा किया जाएगा।”


