शारीरिक व मानसिक विकास के लिए वरदान है सरगुजा ओलंपिक

भास्कर न्यूज | उदयपुर उदयपुर विकासखंड के झिरमिट्टी स्टेडियम ग्राउंड में सरगुजा ओलंपिक 2026 की विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया गया। यह खेल महोत्सव 28 जनवरी से 3 फरवरी तक आयोजित होगा, जिसमें क्षेत्र के ग्रामीण और युवा खिलाड़ी विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण अंचल में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना, युवाओं को सकारात्मक दिशा देना और छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। शुभारंभ कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि थे। उन्होंने खिलाड़ियों को पूरे मनोयोग से खेलने और खेल भावना बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सरगुजा ओलंपिक ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए वरदान है, जिससे शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास बढ़ता है। युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर ने कहा कि सरकार युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है और सरगुजा ओलंपिक इस दिशा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सीईओ वेद प्रकाश गुप्ता ने बताया कि प्रतियोगिता में विभिन्न खेलों के प्रतिभागियों को 10,450 रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। कार्यक्रम में देवगढ़ और रामगढ़ मंडल अध्यक्ष, जिला पंचायत व जनपद पंचायत सदस्य सहित अनेक जनप्रतिनिधि व ग्रामीण उपस्थित रहे। सरगुजा ओलंपिक की शुरुआत के दौरान खिलाड़ियों के साथ मंत्री अग्रवाल व अन्य।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *