भास्कर न्यूज| महासमुंद शासकीय स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता और सुविधाओं को परखने के लिए शुक्रवार को डिप्टी कलेक्टर शुभम देव व तेजपाल ध्रुव ने पीएमश्री शासकीय प्राथमिक शाला बृजराज, महासमुंद का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने न केवल व्यवस्थाएं जांची, बल्कि क्लास में बैठकर बच्चों की बौद्धिक क्षमता का आकलन भी किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के विभिन्न घटकों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने स्कूल में उपलब्ध स्मार्ट क्लास, इंटरनेट सुविधा, फर्नीचर और पुस्तकालय का निरीक्षण किया। विशेष रूप से जादुई पिटारा, टीएलएम (शिक्षण सामग्री) के उपयोग और बैगलेस डे गतिविधियों की जानकारी ली। इसके साथ ही मिशन लाइफ के तहत युवा व इको क्लब के गठन और बाला पेंटिंग की स्थिति का अवलोकन किया गया। दोनों डिप्टी कलेक्टरों ने बच्चों के अधिगम स्तर को परखने के लिए उनसे पठन और गणितीय कौशल से जुड़े सवाल किए। बच्चों के सही जवाबों से प्रसन्न होकर अधिकारियों ने उनके साथ जादुई अंक का खेल भी खेला। अधिकारियों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना की और विद्यार्थियों के पूछे गए जिज्ञासापूर्ण सवालों के बड़े उत्साह के साथ जवाब दिए। बुनियादी सुविधाओं के बारे में भी लिया जायजा प्रशासनिक अधिकारियों ने स्कूल में स्वच्छ पेयजल, क्रियाशील टॉयलेट्स और हाथ धोने की सुविधा का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षकों और बच्चों को प्रदाय किए गए आई-कार्ड तथा रिकॉर्ड संधारण के लिए संधारित पंजियों की जांच की। इस मौके पर डीएमसी रेखराज शर्मा, एपीसी संपा बोस, बीआरसीसी जागेश्वर सिन्हा, संकुल समन्वयक सुरेन्द्र चन्द्राकर, प्रधान पाठक गोमती साहू सहित अन्य मौजूद थे।


