दुमका| सिविल सोसायटी दुमका के प्रतिनिधि मंडल ने शनिवार को उपायुक्त दुमका से उनके कार्यालय में मुलाकात की और अटल बिहारी वाजपेयी बस पड़ाव, दुमका में व्याप्त समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस प्रतिनिधि मंडल में सोसायटी के अध्यक्ष राधेश्याम वर्मा, उपाध्यक्ष प्रेम केशरी, सचिव संदीप कुमार, जय बमबम, अनिकेत झा तथा रिंकू कुमार मंडल शामिल थे। उन्होंने बस पड़ाव की परिस्थितियों में सुधार और आवश्यक व्यवस्थाओं की मांग की। उपायुक्त ने मामलों को शीघ्र संज्ञान लेने और समाधान हेतु अधिकारियों को निर्देशित करने का आश्वासन दिया। भास्कर न्यूज |दुमका उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में आज शिक्षा विभाग से संबंधित एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की गई। बैठक में जिले में शिक्षा के स्तर को उन्नत बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट डीईईपी के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि प्रोजेक्ट डीईईपी के तहत जिले के कुल 91 हाई स्कूल एवं +2 विद्यालयों में आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर विकास कार्य किए जाने प्रस्तावित हैं। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को इन सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का सख्त निर्देश दिया। उपायुक्त ने जिले के 55 जर्जर विद्यालय भवनों को नियमानुसार ध्वस्त करने की प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ करने का निर्देश दिया। सभी विद्यालयों में बेंच-डेस्क की वास्तविक आवश्यकता का आकलन कर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार करते हुए उपलब्ध कराने को कहा गया है। उपायुक्त ने सड़क किनारे स्थित विद्यालयों की सुरक्षा को देखते हुए चहारदीवारी निर्माण हेतु प्राक्कलन (एस्टीमेट) तैयार करने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त, विद्यालयों में आवश्यकतानुसार अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए भी प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश दिया गया।इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, सहायक अभियंता तथा कनीय अभियंता सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


