शीतलहर की चपेट में दौसा जिला:बारिश-ओलावृष्टि के बाद सर्दी के तीखे तेवर; घरों में दुबके लोग, 3 दिन में तापमान 8 डिग्री गिरा

दौसा जिले में बारिश और ओलावृष्टि के बाद सर्दी के तेवर तीखे हो गए हैं। यहां बीती रात से ही सर्द हवाओं ने जोर पकड़ लिया और सुबह होने के साथ ही पूरा जिला शीतलहर की चपेट में आ गया। इससे एकाएक बढ़ी ठिठुरन ने हाड़ कपाने वाली सर्दी का अहसास करा दिया है। कड़ाके की ठंड के चलते लोग घरों में दुबक गए तो बाजार में अलसुबह लोगों की आवाजाही बेहद कम देखी गई। जिले में बारिश के बाद तापमान में भी गिरावट लगातार जारी है। यहां रविवार सुबह न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। यहां शनिवार को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री तथा अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा था। ऐसे में बारिश के बाद बीते तीन दिनों में तापमान में 8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट से ठंड का असर बढ़ गया है। बता दें मौसम विभाग ने भी दौसा समेत प्रदेश के 11 ज़िलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में सर्द हवाओं ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। ठंड से बचाव के लिए लोग घरों में गर्म उपकरणों का सहारा ले रहे हैं तो वहीं गांवों में अलाव तापकर बचाव करने में जुटे हैं। ऐसे में सर्दी से बचाव के लिए सावधानी बेहद जरूरी हो गया हैं। डॉक्टर्स की सलाह है कि पूरे शरीर को गर्म कपड़ों से ढक्कर रखें और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *