श्योपुर में चंबल नहर में बहे युवक का शव मिला:एसडीआरएफ की टीम ने तीन दिन बाद 25 किलोमीटर दूर से किया बरामद

श्योपुर की चंबल नहर में बहे युवक होकम सिंह आदिवासी का शव तीन दिन बाद शनिवार को बरामद हुआ है। दरअसल, 26 नवंबर की रात होकम सिंह अपनी बाइक सहित नहर में गिर गए थे। बाइक सहित अनियंत्रित होकर नहर में गिरे थे ग्राम बिलेंडी निवासी होकम सिंह (30) आदिवासी 26 नवंबर की रात सारसिल्ली गांव की ओर जा रहे थे। चंद्रसागर महादेव मंदिर के पास पुलिया पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। बाइक पुलिया के पास ही फंस गई, जबकि होकम सिंह तेज बहाव में बह गए और लापता हो गए। एसडीआरएफ टीम ने की सर्चिंग, तीन दिन बाद मिला शव परिजनों ने 27 नवंबर की सुबह बड़ौदा पुलिस को सूचना दी। इसके बाद बड़ौदा थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और चंबल नहर में युवक की तलाश शुरू की। नहर में तेज बहाव और गहराई के कारण खोज अभियान में चुनौतियां आईं, लेकिन टीम ने तीन दिनों तक लगातार तलाशी अभियान जारी रखा। 25 किमी दूर मातासूला गांव के पास नहर में शव तैरता मिला कड़ी मशक्कत के बाद शनिवार को देहात थाना क्षेत्र के मातासूला गांव के पास नहर में शव तैरता हुआ मिला। यह स्थान बड़ौदा से लगभग 25 किलोमीटर दूर है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को नहर से बाहर निकाला। बड़ौदा टीआई सत्यम सिंह गुर्जर ने बताया कि शव की शिनाख्त होकम सिंह आदिवासी के रूप में हुई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया, जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *