श्योपुर में 6 बुलेट जब्त, 6 हजार रुपए जुर्माना लगा:मोडिफाइड साइलेंसर पर यातायात पुलिस की सख्त कार्रवाई

श्योपुर में ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस ने मोडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट बाइकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार अग्रवाल के निर्देश पर यह विशेष अभियान चलाया गया। शहर में चलाया गया वाहन चेकिंग अभियान
शुक्रवार को यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर वाहन चेकिंग की। जांच के दौरान 6 बुलेट में अवैध रूप से लगाए गए मोडिफाइड साइलेंसर पाए गए, जिनसे तेज आवाज निकल रही थी। 6 बुलेट जब्त, 6 हजार रुपए का जुर्माना लगाया
पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए सभी 6 बुलेट बाइकों को जब्त कर यातायात थाना परिसर में खड़ा कराया। इसके बाद सभी वाहनों से मोडिफाइड साइलेंसर हटवाए गए। नियमों के अनुसार प्रत्येक चालक पर 1 हजार रुपए का चालान किया गया। इस तरह कुल 6 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया। मानक साइलेंसर इस्तेमाल करने की अपील
कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों को भविष्य में मोडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल न करने की सख्त हिदायत दी गई। यातायात पुलिस ने बताया कि मोटर वाहन अधिनियम के तहत ध्वनि प्रदूषण फैलाना दंडनीय अपराध है।
यातायात पुलिस ने बुलेट वाहन चालकों से अपील की है कि वे केवल कंपनी की ओर से लगाए गए मानक साइलेंसर का ही इस्तेमाल करें। मोडिफाइड साइलेंसर से बुजुर्गों, बच्चों, मरीजों और आम लोगों को परेशानी होती है। आगे भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस ने नागरिकों से शहर को शोरमुक्त बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। साथ ही स्पष्ट किया कि इस तरह के चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *