श्रीगंगानगर के सद्भावना नगर स्थित श्मशान घाट के अंदर बने गंगेश्वर महादेव मंदिर में चोरों ने रात को कोहरे का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर के गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे और दानपात्र तोड़कर हजारों का चढ़ावा चोरी कर भाग गए। घटना सदर थाना क्षेत्र की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। CCTV कैमरे खंगाल रही पुलिस श्मशान घाट संस्था के अध्यक्ष रोशन लाल सीकरी ने बताया- बीती रात चोर मंदिर में घुसे और ताला तोड़कर दानपात्र चुरा ले गए। सुबह जब आस-पास के लोग मंदिर पहुंचे तो टूटा हुआ ताला और बिखरा हुआ सामान देखकर हैरान रह गए। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मौके पर दानपात्र टूटा हुआ मिला, जबकि आसपास सामान बिखरा पड़ा था। पुलिस ने आस-पास के लोगों से पूछताछ की और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


