रांची| श्रीराम जन्मभूमि मंदिर अयोध्या की प्राण-प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ पर बुधवार को भुतहा तालाब स्थित श्री चैती दुर्गा मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक व सामाजिक आयोजन किया गया। इस अवसर पर भव्य पूजा-अर्चना, सुंदरकांड पाठ के साथ-साथ श्रद्धालुओं के बीच महाभोग प्रसाद और जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6 बजे मंदिर का पट खुलने के साथ हुई। इसके बाद सुबह 10 बजे विशेष पूजा हुई। इसके बाद सुंदरकांड पाठ किया गया। मंदिर अध्यक्ष शंकर दुबे ने कहा कि श्रीराम मंदिर अयोध्या का निर्माण वर्षों के संघर्ष और बलिदान के बाद हुआ है। मुख्य पुजारी सुभाष मिश्रा ने बताया कि चैती दुर्गा मंदिर से महावीर चौक तक पड़ने वाले पांच मंदिरों में भोग अर्पित कर बांटा गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, विधायक सीपी सिंह, पूर्व सांसद यदुनाथ पांडे, मुख्य संरक्षक किशोर साहू और कोषाध्यक्ष संजय सिंह लल्लू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।


