अमृतसर| श्री जगन्नाथ रथ यात्रा कमेटी द्वारा श्री श्री गौर निताई रथ यात्रा का आयोजन 13 दिसंबर को किया जा रहा है। यह यात्रा दोपहर एक बजे लारेंस रोड स्थित डी मार्ट से शुरू होगी और सांयकाल सात बजे श्री दुर्ग्याणा मंदिर परिसर में संपन्न होगी। इस्कॉन के जिला अध्यक्ष इंद्रानुज ने बताया कि यह वार्षिक यात्रा श्रील नवयोगेंद्र स्वामी महाराज की विशेष अध्यक्षता में निकाली जा रही है। यात्रा शुरू करने से पहले 12 दिसंबर को कोर्ट रोड स्थित सिफ्टी इंटरनेशनल में शाम 6:30 बजे से प्रभु इच्छा तक भगवान की महाआरती समारोह का आयोजन किया जाएगा। पूरे मार्ग को आकर्षक रंगोली से सजाया जाएगा। वृंदावन धाम से श्रील नवयोगेंद्र स्वामी महाराज विशेष रूप से यात्रा में भाग लेंगे और अपने शिष्यों को आशीर्वाद प्रदान करेंगे। यात्रा का मुख्य आकर्षण इस्कॉन गुरुकुल के बच्चों द्वारा किए जाने वाले भजन और नृत्य होंगे। भक्त नरिंदर अरोडा, भक्त ओपी बुलानी, पवन शर्मा, राजन गुप्ता, जेपी खन्ना, एडवोकेट राकेश कुमार शर्मा, भक्त सुरभि वर्मा इत्यादि ने शहरवासियों का आह्वान किया कि वे रथ यात्रा मार्ग सजाने में कमेटी का सहयोग करें तथा इस यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग भी लें। इस मौके पर कुंती देवी, नारायण दास, हरिकृपा, मधुप्रिया, शंकरदास, नरेंद्र कंधारी विशेष तौर से मौजूद थे।


