भास्कर न्यूज | अमृतसर श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पहले प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा श्री रामसर साहिब में श्री अखंड पाठ साहिब आरंभ किया गया। इस अवसर पर सचखंड श्री हरमंदर साहिब के महाप्रबंधक भगवंत सिंह, गुरुद्वारा शहीद गंज साहिब के प्रबंधक जतिंदरपाल सिंह, हैड ग्रंथी ज्ञानी सुरजीत सिंह सबरा और ज्ञानी निर्मल सिंह उपस्थित थे। इस संबंध में श्री दरबार साहिब के मुख्य प्रबंधक भगवंत सिंह ने बताया कि शिरोमणि कमेटी द्वारा सिख संगत के सहयोग से 24 अगस्त को श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रथम प्रकाश गुरुपर्व श्रद्धा से मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि गुरुद्वारा श्री रामसर साहिब में श्री अखंड पाठ साहिब का पाठ आरंभ किया गया है जिसके बाद 24 अगस्त को परंपरा के अनुसार गुरुद्वारा श्री रामसर साहिब से सचखंड श्री हरमंदर साहिब तक नगर कीर्तन निकाला जाएगा। इन आयोजनों में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी तथा श्रीअकालतख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज भी विशेष तौर से शामिल होंगे। उन्होंने संगत से भारी संख्या में परिवारों सहित इन आयोजनों में शामिल होने की अपील की है। इस अवसर पर भाई दिलराज सिंह, बलदेव सिंह धुन, जगजीत सिंह, तलविंदर सिंह उपस्थित थे।


