गुरमीत लूथरा | अमृतसर श्री मारवाड़ी बड़ा मंदिर श्री रघुनाथ जी ट्रस्ट के चुनाव में एक अनार सो बीमार वाली स्थिति है। आलम यह है कि उपप्रधान एवं कोषाध्यक्ष पद के लिए 2 गुटों के तीन-तीन उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। हालांकि 25 जनवरी को उक्त चुनाव से पहले ही सुनील गुप्ता निर्विरोध प्रधान एवं आनंद कुमार बांसल निर्विरोध वरिष्ठ उपप्रधान चुने जा चुके हैं। लेकिन इसके बावजूद अन्य पांच पदों के लिए दोनों गुटों में जबरदस्त मुकाबला है। उक्त पांच पदों पर 25 जनवरी को श्री भूतनाथ मंदिर में सुबह 9 बजे से मतदान होना है। उपप्रधान पद के लिए राजेश केजरीवाल, रिशी पोद्दार, वरुण नेवटिया मैदान में हैं तो कोषाध्यक्ष के लिए भी तीन उम्मीदवार संजय बागला, विक्रम गोयल, अमित गोयनका के बीच मुकाबला है। इसी तरह संयुक्त सचिव पद के लिए सिद्धनाथ खेमका, अमित जलान, संयुक्त कोषाध्यक्ष के लिए संचय गुप्ता, विपुल नेपटिया, महासचिव पद के लिए संजय केजरीवाल व विजय संघानिया चुनावी दंगल में डटे हुए हैं। ट्रस्ट की कुल सदस्यता 1180 हैं। इनमें से कितने मत का इस्तेमाल करते हैं यह तो 25 जनवरी को ही पता चलेगा, लेकिन मिली जानकारी के अनुसार 70 प्रतिशत से अधिक मतदान होने की उम्मीद है। इस दिन 14 में से 12 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा। चुनाव घोषणा पत्र में उम्मीदवारों ने अतिथि भवन का कायाकल्प करने का ऐलान किया है ताकि जिससे ट्रस्ट की आमदन में बढ़ौतरी हो। मंदिर ट्रस्ट की संपत्तियों में से किराए पर दी गई संपत्तियों का किराया बढ़ाया जाएगा। मंदिर का सौंदर्यीकरण किया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा हो। मंदिर में चलती मारवाड़ी डिस्पेंसरी का विस्तार किया जाएगा ताकि ज्यादा से ज्यादा मरीजों को इसका फायदा हो सके। इसके अलावा मंदिर भूतनाथ शिवाला का भी प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।


