संगरिया धानमंडी में 5 लाख की चोरी का खुलासा नहीं:व्यापारियों में आक्रोश, आंदोलन की दी चेतावनी

हनुमानगढ़ जिले में संगरिया की नई धान मंडी में हुई 5 लाख रुपए की चोरी का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। इसे लेकर संगरिया व्यापार मंडल समिति के पदाधिकारियों ने अधिकारियों को ज्ञापन देकर जल्द कार्रवाई की मांग की है।
व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि चोर नहीं पकड़े गए और पैसे बरामद नहीं हुए तो वे धरना-प्रदर्शन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। व्यापारियों ने बताया कि यह घटना 20 दिसंबर की शाम को हुई थी। एक अज्ञात चोर व्यापारी मिलखी राम सुशील कुमार की आढ़त पर आया और गल्ले से 5 लाख रुपए चुराकर फरार हो गया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई थी। कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। व्यापार मंडल के सदस्यों ने कहा कि यह केवल एक व्यापारी का मामला नहीं, बल्कि पूरी मंडी की सुरक्षा से जुड़ा है। दिनदहाड़े हुई चोरी से व्यापारियों में भय का माहौल है। 6 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली
व्यापार मंडल के अध्यक्ष कृष्ण कुमार जैन ने बताया कि पुलिस से कई बार मौखिक आग्रह किया गया, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। उपाध्यक्ष हेमराज गुप्ता ने प्रशासन की सुस्ती पर चिंता जताई। सचिव मनोज मित्तल ने चेतावनी दी कि यदि आरोपी नहीं पकड़े गए तो आंदोलन किया जाएगा।
कोषाध्यक्ष अतुल सिंगला और सहसचिव सतपाल सिंगला ने मंडी में गश्त बढ़ाने की मांग की है। व्यापार मंडल ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) और कलेक्टर से इस मामले में विशेष टीम गठित करने का भी आग्रह किया। ज्ञापन सौंपने के दौरान अध्यक्ष कृष्ण कुमार जैन, उपाध्यक्ष हेमराज गुप्ता, सचिव मनोज मित्तल, कोषाध्यक्ष अतुल सिंगला, सहसचिव सतपाल सिंगला, चन्द्रपाल भोबिया, चिमनलाल जिंदल, राजकुमार अग्रवाल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *