भाजपा विधायक संजय पाठक पर कटनी नगर निगम की एक आवासीय योजना में करोड़ों रुपए की भूमि हेराफेरी का आरोप लगा है। कांग्रेस नेताओं ने इस संबंध में नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अपर मुख्य सचिव (ACS) संजय दुबे से लिखित शिकायत की है। यह शिकायत शुक्रवार को कांग्रेस नेता कमल पांडे और दिव्यांशु अंशु मिश्रा ने कटनी प्रवास पर आए ACS संजय दुबे को सौंपी। शिकायत के अनुसार, यह मामला कटनी नगर निगम की महत्वाकांक्षी आवासीय योजना क्रमांक 15 से जुड़ा है, जो अरिंदम होटल के सामने स्थित है। 400 करोड़ की जमीन का मामला आरोप है कि योजना के तहत अधिग्रहित लगभग 20.50 एकड़ जमीन, जिसकी वर्तमान बाजार कीमत करीब 400 करोड़ रुपए आंकी जा रही है, उसे नियमों को ताक पर रखकर अधिग्रहण से मुक्त कराया गया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि विधायक संजय पाठक ने नगर निगम और राजस्व विभाग के भ्रष्ट अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर अपनी पारिवारिक कंपनियों के नाम पर इस जमीन को गैरकानूनी तरीके से खरीद लिया और उस पर अवैध कब्जा जमा लिया। जमीन पर काटे 311 प्लॉट तत्कालीन नगर सुधार न्यास द्वारा इस योजना के अंतर्गत शहर की आम जनता को रियायती दरों पर 311 भूखंड उपलब्ध कराए जाने थे। शिकायतकर्ता कमल पांडे का कहना है कि जहां मध्यम और गरीब वर्ग के लोग अपने घर का सपना देख रहे थे, वहीं सत्ता के रसूख का इस्तेमाल कर पूरी जमीन को निजी स्वार्थ के लिए हड़प लिया गया। एसीएस संजय दुबे को दी गई शिकायत में कमल पांडे ने नगर निगम की वर्तमान कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम एक ओर फंड की कमी का रोना रोकर शहर के विकास कार्यों को रोके बैठा है, वहीं दूसरी ओर सीवर लाइन परियोजना में भी भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लग रहे हैं। दस्तावेजों का परीक्षण करेंगे इस पूरे मामले में नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने गंभीरता दिखाई है। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता ने शासकीय और अधिग्रहित भूमि की हेराफेरी के संबंध में कुछ दस्तावेज सौंपे हैं। प्राप्त दस्तावेजों का सूक्ष्मता से परीक्षण किया जाएगा और जांच के बाद नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।


