अज्ञात साइबर ठगों ने एक किसान को 5 रुपए के पुराने नोट के नाम पर 19 लाख रुपए का इनाम दिलाने का लालच देकर 1 लाख 65 हजार रुपए ठग लिए। ठगों ने व्हाट्सएप के माध्यम से किसान को अपने जाल में फंसाया और अलग-अलग किस्तों में रकम अपने खातों में ट्रांसफर करवा ली। पीड़ित ने इस मामले की शिकायत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दर्ज कराई है। दंगवाड़ा निवासी किसान भेरूलाल ने बताया कि 13 जनवरी 2026 को उनके व्हाट्सएप नंबर 9691675156 पर दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों (7667061077 और 6378091683) से संदेश प्राप्त हुए। इन संदेशों में 5 रुपए के नोट की एक तस्वीर भेजी गई थी और उनसे पूछा गया था कि क्या उनके पास ऐसा ही नोट है, तो उसकी फोटो भेजें। ठगों ने दावा किया कि यदि नोट का मिलान हो जाता है, तो उनके खाते में 19 लाख रुपये की इनाम राशि ट्रांसफर कर दी जाएगी। इस लालच में आकर भेरूलाल ने अपने पास मौजूद एक पुराने 5 रुपए के नोट की फोटो बताए गए मोबाइल नंबरों पर भेज दी। इसके बाद आरोपियों ने भेरूलाल को फोन कर बताया कि उनका नोट सही है और इनाम की राशि पाने के लिए उन्हें पहले रजिस्ट्रेशन शुल्क के रूप में 8,199 रुपये भेजने होंगे। 13 जनवरी से 17 जनवरी 2026 के बीच, ठगों ने अलग-अलग बहानों से किसान से कुल 1 लाख 65 हजार रुपए विभिन्न माध्यमों से अपने खातों में जमा करवा लिए। राशि प्राप्त करने के बाद, आरोपियों ने किसान से संपर्क बंद कर दिया। जब भेरूलाल को अपने खाते से बड़ी रकम निकलने और संपर्क टूटने पर ठगी का अहसास हुआ, तो उन्होंने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इंगोरिया थाना प्रभारी दीपेश व्यास ने बताया कि ई-एफआईआर के बाद, 4 फरवरी को अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि पुराने नोट, सिक्के या किसी भी प्रकार के इनाम के लालच से सावधान रहें और ऐसी धोखाधड़ी का शिकार होने से बचें।


