भास्कर न्यूज | राजनांदगांव डोंगरगांव के ग्राम घुघवा में एक संस्था को दान में मिली जमीन से मुरुम का अवैध खनन कर दिया गया है। मामले की जानकारी मिलते ही संस्था के पदाधिकारी व भूतपूर्व सैनिक ने कलेक्टर व डोंगरगांव पुलिस से मामले की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। पूर्व सैनिक पीयूष साव ने अपनी शिकायत में बताया कि राजनांदगांव के आनंद मार्ग प्रचारक संघ को घुघवा में दान में जमीन मिली है। लेकिन उक्त जमीन पर लगातार मुरुम का अवैध खनन किया जा रहा है। बीते दिनों जब संस्था सदस्य मौके पर पहुंचे तो एक जेसीबी और माजदा वाहन से मुरुम का अवैध खनन कर परिवहन किया जा रहा था। खनन करने वाले को जब रोकने का प्रयास किया गया तो उसने मारपीट और गाली गलौज की है। शिकायत में बताया कि डोंगरगांव के ललित साहू नामक व्यक्ति ने मुरुम का अवैध खनन किया है। उक्त व्यक्ति पूर्व में भी इसी जगह पर मुरुम का खनन कर चुका है। पूर्व सैनिक ने पुलिस व प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।


