भास्कर न्यूज | गढ़वा गढ़वा-शाहपुर मुख्य मार्ग पर सोमवार की देर रात करीब दो बजे एक युवती का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने हूर मोड़ के पास सड़क किनारे पड़े शव को बरामद किया। मृतका की पहचान गढ़वा थाना क्षेत्र के हूर मधेया गांव निवासी सच्चिदानंद चौबे की पुत्री निशि कुमारी (20 वर्ष) के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही गढ़वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेजा, जहां अंत्य परीक्षण के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार युवती का शव हूर मोड़ स्थित मुख्य सड़क के किनारे पड़ा हुआ था। शव की स्थिति को देखकर यह स्पष्ट नहीं हो पा रही थी कि यह मामला सड़क दुर्घटना का है या इसके पीछे कोई और कारण है। इस संबंध में गढ़वा थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवती की मौत सड़क दुर्घटना में होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि मृतका के परिजनों की ओर से अब तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद पुलिस मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई करेगी। ग्रामीणों ने हत्या की आशंका व्यक्त की : इधर घटना को लेकर ग्रामीणों में संदेह का माहौल है। लोगों का कहना है कि यह केवल सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि हत्या कर शव को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश भी हो सकती है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि युवती की मौत के पीछे कोई गंभीर साजिश हो सकती है, जिसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है। परिवार की स्थिति ने बढ़ाया संदेह मृतका के पारिवारिक हालात को लेकर भी चर्चाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने बताया कि निशि कुमारी की मां इलाज के लिए दिल्ली गई हुई थीं। घर में केवल पिता और दादी मौजूद थे। ऐसे में युवती देर रात घर से कैसे और किन परिस्थितियों में निकली, यह भी जांच का विषय बना हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद से परिवार सदमे में है और गांव में शोक का माहौल है।


