सड़क खराब, बिटकुली खुर्द के ग्रामीणों ने किया 3 घंटे तक चक्काजाम, कोई अफसर नहीं पहुंचा

कवर्धा जनपद क्षेत्र के ग्राम पंचायत बिटकुली खुर्द में वर्षों से जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूटा। आखिरकार ग्रामीण सड़क पर उतर आए। सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह चक्काजाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो वे कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर उग्र आंदोलन करेंगे। ग्रामीणों ने सुबह करीब 8 बजे से 11 बजे तक लगभग 3 घंटे सड़क जाम रखा। इस दौरान वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप रही। इस दौरान मौके पर कोई भी अधिकारी नहीं पहुंचा। आखिरकार ग्रामीण लौट गए। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क निर्माण की मांग की, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला। इस सड़क से फांदातोड़, बोरदेही, सिंघनपुरी, बिटकुली खुर्द सहित 8 से ज्यादा गांव जुड़े हुए हैं। यही मार्ग आगे ग्राम खपरी तक जाता है। पीएमजीएसवाई के ईई एसके ठाकुर का कहना है कि सड़क का निरीक्षण कर निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजेंगे। ग्रामीणों के अनुसार ग्राम गुढ़ा से चचेड़ी तक करीब 6 किलोमीटर लंबी सड़क पूरी तरह से खराब हो चुकी है। यह सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी थी। लेकिन वर्षों से मरम्मत और निर्माण के अभाव में इसकी हालत बदतर हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे, टूटे हिस्से के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। सड़क खराब होने से हजारों ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित है। प्रशासन पर लापरवाही का आरोप, कई बार अर्जी दे चुके ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की खराब स्थिति के बावजूद प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। कई बार आवेदन और शिकायत देने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया। यही कारण है कि ग्रामीणों को मजबूर होकर सड़क जाम करना पड़ा। व्यापारियों सहित विद्यार्थियों और मरीजों की परेशानी बढ़ी ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम गुढ़ा में गुरुवार को साप्ताहिक बाजार लगता है। चचेड़ी में भी साप्ताहिक बाजार लगता है। आसपास के कई गांवों के लोग इन बाजारों में आते हैं। लेकिन सड़क खराब होने से व्यापारियों और ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इसके अलावा ग्राम गुढ़ा में हायर सेकेंडरी स्कूल संचालित है, जहां आसपास के गांवों से छात्र पढ़ने आते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *