बोकारो थर्मल | बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी मध्य विद्यालय एवं राजा बाजार चौराहे पर एसटीपी के अधूरे काम के कारण सड़क पर बहने वाली मिट्टी, पानी की फिसलन से आवाजाही में लोगों काफी परेशानी हो रही है। उक्त स्थान पर संवेदक के द्वारा पाइप लाइन बिछाने का कार्य को लेकर खुदाई की गई थी। खुदाई के क्रम में पूरा सड़क मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है। खुदाई के बाद गड्ढे को ठीक से भरा नहीं गया है और ना ही निकलने वाले पानी की निकासी का मार्ग ही बनाया गया है। जिससे सड़क पर पड़ी मिट्टी एवं बहने वाली पानी के कारण पूरा रास्ता ही फिसलन भरा हो गया है। रात में महिलाओं एवं पैदल चलने वालों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में कार्यरत कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर डीडी जांगीर का कहना था कि दो दिनों बाद बाकी बचे कार्य को पूरा कर रास्ते को ठीक कर दिया जाएगा।


