जांजगीर| अकलतरा थाना क्षेत्र में स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-49 पर बुधवार रात सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय नरेश यादव के रूप में हुई है, जो पकरिया (लटिया) गांव का निवासी था। नरेश अपनी बाइक से अपने ससुराल नारियरा जा रहा था। रात करीब 8 से 9 बजे के बीच वह हाईवे किनारे रुका और पास की एक दुकान से कुछ सामान लेने के लिए पैदल सड़क पार कर रहा था। उसी दौरान एक तेज रफ्तार वाहन ने उसे बुरी तरह से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नरेश कुछ दूर तक सड़क पर घसीटता चला गया। हादसे की सूचना मिलते ही अकलतरा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल नरेश को सीएचसी अकलतरा अस्पताल ले जाया गया। वहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।


