80 हजार के वॉशिंग पाउडर लेकर भागे 3 आरोपी गिरफ्तार

भास्कर न्यूज | मुलमुला थाना क्षेत्र में 80 हजार रुपए की वाशिंग पाउडर ठगी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने 72 घंटे में पकड़ लिया। आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। साइबर टीम और मुलमुला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली। गिरफ्तार आरोपियों में बिजेन्द्र घृतलहरे(38), चिंतन घृतलहरे(44) और सपना कुर्रे(29) शामिल हैं। तीनों बिलासपुर जिले के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं। इस लूट की खबर भास्कर में प्रकाशित हुई थी। गणेश प्रसाद अग्रवाल, निवासी वार्ड क्रमांक 14 भाठापारा ने 25 मई 2025 को थाना मुलमुला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने वाहन 407 में 110 बोरी एक्टिव व्हाइट वाशिंग पाउडर, कुल वजन 26 क्विंटल 40 किलो, कीमत 80 हजार रुपए, लोड कर चालक जितेन्द्र बांधे को मुलमुला भेजा था। वहां एक व्यक्ति ने खुद को किराना होलसेल डीलर बताकर फोन किया और ऑर्डर दिया। फिर चालक को झांसे में लेकर वाशिंग पाउडर पिकअप वाहन में लदवाकर ले गया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के निर्देश पर साइबर टीम ने जांच शुरू की। तकनीकी इनपुट के आधार पर मुख्य आरोपी बिजेन्द्र घृतलहरे को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपने दो साथियों चिंतन और सपना का नाम बताया। तीनों ने कबूल किया कि उन्होंने मिलकर योजना बनाई थी। किराना व्यापारी को फोन कर खुद को होलसेल डीलर बताया, फिर 110 बोरी वाशिंग पाउडर का ऑर्डर लिया। व्यापारी ने माल भेजा। मुलमुला में चालक को पैसे देने का झांसा देकर बुलाया, फिर पिकअप वाहन में माल लदवाकर फरार हो गए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *