भास्कर न्यूज | बलौदाबाजार कलेक्टर दीपक सोनी की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति एवं नार्को समन्वय समिति की बैठक संयुक्त जिला कार्यालय के सभागार में आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने, ब्लैक स्पॉट्स पर सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने और मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए कई अहम निर्देश दिए गए। कलेक्टर सोनी ने वर्ष 2025 में चिन्हांकित 6 नए ब्लैक स्पॉट्स थाना पलारी अंतर्गत गोड़ा पुलिया, कसडोल का हड़हा चौक, सिमगा का बनसांकरा, चंदेरी ओवरब्रिज, दरचूरा और भाटापारा का खोखली में तत्काल प्रभाव से सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने हेलमेट पहनने की अनिवार्यता पर जोर देते हुए नियमित जांच और जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की सहायता करने वाले नागरिकों को शासन द्वारा प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार व नकद राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। कलेक्टर ने शराब व अन्य मादक पदार्थों के अवैध निर्माण एवं बिक्री पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों की संयुक्त टीम लगातार छापेमारी करें और निगरानी बनाए रखें। नशे के खिलाफ जनजागरूकता के लिए स्कूल शिक्षा विभाग एवं समाज कल्याण विभाग को विशेष कार्यक्रम चलाने के लिए कहा गया। कलेक्टर ने नगरीय निकायों को सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने हेतु अभियान चलाने के निर्देश दिए। दुकानदारों द्वारा किए जा रहे अतिक्रमण को गंभीरता से लेते हुए तय वेंडिंग जोन में ही ठेले और गुमटियां लगाने पर बल दिया गया। रोड किनारे संचालित ढाबों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के फुटेज हर महीने एसडीएम कार्यालय में जमा कराने को भी अनिवार्य किया गया। जनवरी 2025 से मार्च 2025 तक पुलिस विभाग ने 7800 वाहनों पर चालानी कार्रवाई करते हुए 70 लाख 10 हजार रुपये समन शुल्क वसूल किया है। वहीं परिवहन विभाग ने 5646 मामलों में 1 करोड़ 4 लाख 89 हजार रुपये समझौता शुल्क के रूप में वसूले हैं। इस दौरान 95 ड्राइविंग लाइसेंस भी निलंबित किए गए।


