सड़क हादसे में घायल युवक की मौत:हायर सेंटर ले जाते समय तोड़ा दम, शनिवार दोपहर हुआ था हादसा

बालाघाट-गोंदिया मार्ग पर हुए सड़क हादसे में घायल बुढ़ी निवासी अमन पिता कन्हैयालाल पटले (35) की मौत हो गई। अमन को हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। रविवार को जिला अस्पताल में उसका पोस्टमार्टम कराया गया। यह हादसा शनिवार दोपहर को ग्रामीण थाना के आगे एक शोरूम के सामने हुआ था। अमन अपनी बुआ के घर सालेटेका से लौट रहा था, तभी उसकी बाइक एक ऑटो से टकरा गई। टक्कर के बाद अमन बाइक सहित जमीन पर गिर गया। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उसके पैरों को रौंद दिया, जिससे उसके दोनों पैर बुरी तरह फ्रैक्चर हो गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण थाना प्रभारी अमित अग्रवाल मौके पर पहुंचे। ग्रामीण पुलिस टीम की मदद से अमन को तत्काल एफआरवी से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया था। परिजन अमन को गोंदिया स्थित हायर सेंटर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को वापस जिला अस्पताल ले आए। रात होने के कारण शनिवार को पोस्टमार्टम संभव नहीं हो पाया था, इसलिए रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। अस्पताल चौकी प्रभारी ईश्वरदयाल पटले ने शव पंचनामा की कार्यवाही पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, अमन 9 जनवरी को अपनी पत्नी और बच्चे के साथ सालेटेका स्थित बुआ के घर गया था। वह पत्नी और बच्चे को वहीं छोड़कर अकेला बाइक से बालाघाट लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ। मामले की मर्ग डायरी ग्रामीण थाना भेजी जाएगी, जहां से आगे की जांच की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *