सड़क हादसे में पावर प्लांट के कर्मचारी की मौत:कोरबा में नवविवाहित युवक की मौत पर हंगामा; साथी कर्मचारियों ने मांगा मुआवजा

कोरबा में एक सड़क हादसे में लैंको पावर प्लांट के कर्मचारी की मौत हो गई। आंछीमार का रहने वाला विनोद देवांगन (26) ट्रैवल्स में ड्राइवर के रूप में कार्यरत था। सोमवार रात जब वह ड्यूटी के बाद घर लौट रहा था तभी भैंसमा कॉलेज के पास एक तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसा उरगा थाना क्षेत्र के उरगा हाटी राजमार्ग पर हुआ है। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। विनोद अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उनकी शादी को अभी एक साल भी नहीं हुआ था। हाल ही में उनके घर एक बच्चे का जन्म हुआ था, जिसका छठी का कार्यक्रम भी संपन्न हो चुका था। 24 अप्रैल को उनकी शादी की पहली साल गिरह थी, जिसे वह धूमधाम से मनाने की प्लानिंग कर रहे थे। वहीं साथी कर्मचारियों ने हंगामा कर मुआवजे की मांग की है। हड़ताल पर बैठे पावर प्लांट के कर्मचारी घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई ईश्वर एक्का के अनुसार, मृतक के परिजनों का बयान दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। 112 की मदद से शव को जिला मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। इस घटना के बाद लैंको पावर प्लांट के कर्मचारियों ने मुआवजे और पीएफ की मांग को लेकर काम बंद कर दिया है। सभी कर्मचारी कंपनी परिसर में हड़ताल पर बैठे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *