धौलपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के बाड़ी रोड पर एक सड़क हादसे में 6 वर्षीय बच्ची रियांशी की मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब एक बाइक भैंस को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर से टकरा गई। बच्ची ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। इस हादसे में बच्ची के माता-पिता रविदास (34) पुत्र पाटोली और रचना (27) गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, दंपती अपनी बेटी रियांशी को इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक बच्ची के शव को जिला अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवाया है। घायल पति-पत्नी का डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।


