सतना जिले के रामपुर बाघेलान कस्बे में एक ज्वेलर्स शोरूम पर स्टेट जीएसटी टीम ने दो दिन तक जांच की। यह कार्रवाई शनिवार को पूरी हुई। जांच के दौरान ज्वेलर्स कारोबारी से टैक्स और पेनल्टी मिलाकर 50.38 लाख रुपये की राशि जमा कराई गई। यह वसूली ज्वेलर्स कारोबारी हीराचंद सोनी की फर्म विदुर प्रसाद सुखनंदन प्रसाद और उसकी सहयोगी फर्म विदुर प्रसाद जयनंदन प्रसाद से की गई। जीएसटी टीम ने शोरूम के दस्तावेजों और स्टॉक की जांच की। 2 फीसदी ही टैक्स दिया
जांच में सामने आया कि कारोबारी अपने कुल टैक्स का लगभग 98 प्रतिशत हिस्सा इनपुट टैक्स क्रेडिट के जरिए समायोजित कर रहे थे, जबकि केवल 2 प्रतिशत यानी करीब 1.35 लाख रुपये नकद टैक्स के रूप में जमा किया जा रहा था। जांच के दौरान कारोबार से जुड़े कई अहम दस्तावेज भी जब्त किए गए। जीएसटी अधिकारियों के अनुसार जब्त दस्तावेजों की आगे जांच की जाएगी, जिससे टैक्स की राशि और बढ़ सकती है। यह कार्रवाई स्टेट जीएसटी के ज्वाइंट कमिश्नर उमेश तिवारी के निर्देश पर सर्किल-1 की असिस्टेंट कमिश्नर मनोरमा तिवारी के नेतृत्व में की गई, जिसमें 15 से अधिक अधिकारी शामिल थे।


