सतना जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र के देवीनगर गांव में दो दिन से लापता एक दिव्यांग किसान का शव खेत में स्थित कुएं से बरामद हुआ है। मृतक की पहचान 19 वर्षीय आशीष कोल पुत्र चंद्रशेखर कोल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, आशीष ठेके पर खेत लेकर खेती करता था। सोमवार शाम को वह अपने परिजनों से खेत में पानी लगाने की बात कहकर घर से निकला था। उचेहरा थाने में गुमशुदगी की सूचना दर्ज थी देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बावजूद जब आशीष का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने उचेहरा थाने में उसकी गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई थी। गुरुवार को खेत की ओर गए ग्रामीणों ने खेत में स्थित कुएं में एक शव तैरता हुआ देखा। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची उचेहरा थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह मामला दुर्घटना का है या इसके पीछे कोई संदिग्ध परिस्थिति या वारदात शामिल है। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।


