सतना की कोलगवां थाना पुलिस ने लूट और हत्या के एक प्रमुख आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी आयुष द्विवेदी उर्फ बेटू किंग (22) ढाई माह से फरार था और उस पर पुलिस अधीक्षक ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। यह मामला 4 सितंबर को बिड़ला रोड स्थित एफसीआई गेट के सामने हुई वारदात से संबंधित है। यहां लूट के इरादे से सत्यम शुक्ला की हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहे थे। एसपी ने ने मुख्य आरोपी पर इनाम घोषित किया था। पुलिस ने सतना शहर के सिद्धार्थ नगर स्थित नाना हरिविलास गर्ग के मकान पर दबिश देकर आयुष द्विवेदी को पकड़ा। आरोपी मूल रूप से कोलगवां थाना क्षेत्र के बराखुर्द का निवासी है। इस प्रकरण में पुलिस अब तक चार अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। आयुष द्विवेदी की गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले के सभी आरोपी पकड़े जा चुके हैं। पुलिस ने आरोपी से फरियादी का लूटा हुआ ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।


