भास्कर न्यूज| चाईबासा चाईबासा के सदर अंचल कार्यालय परिसर में सर्व शिक्षण जन सृजित सेवा संस्थान के द्वारा पश्चिमी सिंहभूम,चाईबासा में अंचल स्तर पर भू – मापक अमीन सर्वे का प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए नामांकन प्रारंभ हो चुका है। जबकि नामांकन की अंतिम तिथि 11 मार्च निर्धारित की गई है। अपर समाहर्ता पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा के ज्ञापांक 233 (बी) 4 फरवरी 2025 के आलोक में पत्र जारी कर सर्व साधारण हेतु सूचना प्रेषित की गई है। शिक्षित, बेरोजगार युवक-युवतियां इस प्रशिक्षण शिविर में भाग ले सकते हैं। प्रशिक्षण प्रतिदिन एवं रविवारीय होगा। इसके लिए शैक्षणिक योग्यता मैट्रिक, नॉन मैट्रिक एवं उच्च योग्यताधारी रखा गया है।प्रशिक्षण अवधि 3 माह व प्रतिदिन एक घंटा। जबकि रविवार को 3 घंटा का प्रशिक्षण कार्यक्रम होगा। सामान्य वर्ग के लिए प्रशिक्षण शुल्क 450 रुपये, जबकि अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, दिव्यांग एवं महिलाओं के लिए प्रशिक्षण शुल्क 400 रुपए रखा गया है। आवेदन के लिए दो पासपोर्ट साइज का फोटो, योग्यता प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र की छाया प्रति आदि आवेदन के साथ संलग्न करना अनिवार्य किया गया है। यह सूचना सदर अंचलाधिकारी के हस्ताक्षर से जारी किया गया है।


