केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को गुना में तीन विद्युत सब स्टेशनों का लोकार्पण किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गुना विधायक ने कहा- “कोई ये न समझे कि हमें अपनी जेब में या मुंह में रख लेगा। कोई अगर ऐसा करने की सोचता है, तो फिर उसका अंजाम देखने भी तैयार रहे।” बता दें कि, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया गुना के दो दिवसीय दौरे पर हैं। शुक्रवार को उन्होंने एक निजी गार्डन में गुना विधानसभा के बूथ कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया। साथ ही लोकसभा चुनाव में मिली जीत की बधाई देते हुए उनका आभार माना। इसके अलावा वह कई निजी कार्यक्रमों में शामिल हुए। शनिवार को गेहूखेड़ा में विद्युत सब स्टेशनों का लोकार्पण किया। इस कार्यक्रम में गेहूखेड़ा, बनेह, किलामपुर में बने 33/11 केवी विद्युत सब स्टेशन का लोकार्पण किया। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्र गुना शहर में बनने वाले सब स्टेशन का भूमिपूजन किया। गुना विधायक बोले- कोई ये न सोचे कि हमे जेब में या मुंह में रख लेंगे कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गुना विधायक पन्नालाल शाक्य ने कहा कि अतापी और वतापी नाम के दो राक्षस थे। वो हर दिन किसी न किसी साधु को बुलाकर उसका निमंत्रण करते और फिर उसको आवाज देते कि भाई फैलाने आ जाओ, तो वो साधु पेट फाड़कर बाहर आ जाता, मतलब राक्षस था वो पेट से। दरअसल, कार्यक्रम में ग्रामीणों द्वारा मांगें की जा रहीं थीं। सरपंच ने कहा कि गांव में दो मांगें और हैं। इसके बाद विधायक ने यह बयान दिया। उन्होंने कहा- मेरा केवल इतना ही निवेदन है कि हम ढाई लाख जनता और महाराज साहब के प्रतिनिधि हैं। इसलिए कोई यह गलती न करें, कि हमें जेब में या मुंह में रख लेंगे, और रखने की अगर हिम्मत है तो उसका परिणाम भी देख लेना। जिलाध्यक्ष ने बताया सबसे हैंडसम सांसद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार ने कहा कि हमें एक ऐसे सांसद मिले हैं जो दिन रात अपने क्षेत्र के विकास की चिंता करते हैं। वो दिन रात नहीं देखते। वह अपना पूरा समय क्षेत्र की जनता के लिए देते हैं। जिलाध्यक्ष ने कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया सबसे हैंडसम सांसद हैं, पूरे देश के सांसदों में वह सबसे हैंडसम हैं।


