सब्जी बेचने वाले, ड्राइवर और मजदूरों के बच्चे खेलेंगे नेशनल में

भास्कर न्यूज | कवर्धा किसी के पिता सब्जी बेचते हैं, किसी के माता-पिता रोज मजदूरी करते हैं। कोई खुद डिलीवरी बॉय है, तो कोई फल दुकान में काम करता है..। लेकिन हौसलों ने हालात को पीछे छोड़ दिया। यही वजह है कि कवर्धा के 8 खिलाड़ी अब ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हेमचंद यादव दुर्ग विश्वविद्यालय की महिला और पुरुष दोनों टीमें हिस्सा ले रही हैं। महाराष्ट्र के अमरावती में पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता 1 से 4 फरवरी और महिला वर्ग की 6 से 10 फरवरी तक होगी। प्रयास स्पोर्ट्स अकादमी कवर्धा से पुरुष वर्ग में रविंद्र साहू, प्रवीण साहू, प्रकाश यादव व अमन राजपूत और महिला वर्ग में गौरी जायसवाल, कविता सिन्हा, श्रुति ठाकुर व सविता कोसले का सलेक्शन हुआ है। कोच राजा जोशी बताते हैं कि अकादमी के खिलाड़ी सीमित संसाधनों में भी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत रहे हैं। हाल ही में सीनियर और सब-जूनियर नेशनल में 3 स्वर्ण पदक मिले। अब यूनिवर्सिटी स्तर पर भी यही उम्मीद है। {खिलाड़ी प्रवीण साहू की कहानी सबसे ज्यादा प्रेरित करती है। यह उनकी 15वीं राष्ट्रीय प्रतियोगिता है। पिता सब्जी बेचते हैं और प्रवीण खुद डिलीवरी बॉय बनकर पढ़ाई और खेल का खर्च निकालते हैं। अब तक वे 1 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक जीत चुके हैं। { खिलाड़ी प्रकाश यादव, जिनके पिता मजदूरी करते हैं। खुद फल दुकान में काम करते हुए 11 राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 6 पदक जीत चुके हैं। { खिलाड़ी रविंद्र साहू के पिता बिजली फिटिंग का काम करते हैं। खुद रविंद्र ने 9 राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 3 पदक हासिल किए हैं। { खिलाड़ी अमन राजपूत के पिता ड्राइवर हैं। उसका यह पहली राष्ट्रीय प्रतियोगिता है। चयन ट्रायल से महाराष्ट्र तक का सफर : दुर्ग के दशहरा ग्राउंड में हुए चयन ट्रायल में पीजी कॉलेज की महिला- पुरुष टीम ने रजत पदक जीता। पुरुष टीम का प्रशिक्षण शिविर 24 से 30 ज नवरी तक दुर्ग में चला, जबकि महिला टीम का शिविर 31 जनवरी से 4 फरवरी तक आयोजित है। पुरुष दल के कोच अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दीपक कनवर हैं। वहीं चयन प्रक्रिया में खेल शिक्षक खेलन मोहल्ले और भूपेंद्र गढ़े की अहम भूमिका रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *