सब स्टेशन व कंट्रोल रूम तैयार, टेस्टिंग अधूरी, 4500 घरों में सप्लाई शुरू नहीं

भास्कर न्यूज | बालोद एक ओर मेंटेनेंस के दावों के बावजूद पिछले कई दिनों से शहर में किसी भी समय बिजली बंद होने से लोग परेशान हो रहे हैं। किसी दिन 3 तो किसी दिन इससे ज्यादा बार बिजली बंद हो रही है। वहीं दूसरी ओर जिला मुख्यालय के विद्युत विभाग कार्यालय परिसर में लगभग 1.38 करोड़ रुपए की लागत से सब स्टेशन व कंट्रोल रूम तैयार होने के बावजूद यहां से बिजली सप्लाई शुरू नहीं हो पाई है। दरअसल वर्तमान में टेस्टिंग चल रही है। इसके अलावा कनेक्शन को अलग करने, जोड़ने का काम भी जारी है। नए सब स्टेशन से लगभग 4 हजार 500 कनेक्शनों में बिजली सप्लाई होगी। दावा किया जा रहा है कि छिटपुट काम होने के बाद एक सप्ताह के अंदर यहां से बिजली सप्लाई शुरु हो जाएगी। अफसरों ने पहले दिसंबर तक काम पूरा कराने का दावा किया था लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। आलम यह है कि काम पूरा कराने की डेडलाइन कब तक है। जून से काम शुरू हुआ था। फिलहाल की स्थिति में काम पूरा नहीं हो पाया है। सीएसईबी के ईई एसके बण्ड का दावा है कि एक-दो दिन में जो भी काम बचे हैं, वह पूरा हो जाएगा। सीएसईबी के अनुसार शहर के सदर रोड, पांडेपारा, बुधवारी बाजार, संजय नगर, रामदेव, मधु चौक, बुढ़ापारा, लोहारा रोड़ सहित आसपास स्थानों के कनेक्शन में नए सब स्टेशन से बिजली सप्लाई की जाएगी। कनेक्शन अलग होने से पहले सब स्टेशन में लोडिंग की दिक्कत नहीं रहेगी। दो सब स्टेशन होने से गर्मी में ज्यादा खपत के बावजूद बिजली बंद करने की नौबत नहीं आएगी। लो वोल्टेज की समस्या भी नहीं होगी। पहले एक ही सब स्टेशन से शहर के 10 हजार से ज्यादा कनेक्शनों में बिजली सप्लाई होने से गर्मी में कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा था। कंट्रोल रुम, सब स्टेशन तैयार होने के अलावा 5 एमवीए (मेगावोल्ट एम्पीयर) यानी 5 हजार केवीए का पावर (वितरण) ट्रांसफार्मर लगाने का काम हो चुका है। यहां लगे सिस्टम का चार्ज होना बाकी है। दावा है कि इसी सप्ताह सब काम पूरा होगा। टेस्टिंग के बाद कनेक्शनों में बिजली सप्लाई की जाएगी। जिससे शहर में बिजली बंद व लो वोल्टेज की समस्या दूर हो जाएगी। पर्याप्त मात्रा में बिजली सप्लाई होगी। जुंगेरा में 132 केवी का सब स्टेशन है। शहर के प्रशांत बिझेकर, देवेंद्र यादव, रविंद्र नेताम ने बताया कि गर्मी में खपत बढ़ने से बिजली बंद की समस्या भी बढ़ने से जूझते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *