भास्कर न्यूज | अमृतसर श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी पर्व को यादगारी समागम बनाने के लिए सरकार ने सारी रूपरेखा तैयार कर ली है। शुक्रवार को समागमों की तैयारियों का जायजा लेने के लिए कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ और तरुणप्रीत सिंह सौंद ने विधायकों व जिला अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि जहां-जहां गुरु साहिब जी ने चरण डाले थे, वहां विशेष समागम सरकार की ओर से करवाए जाएंगे और इन स्थानों का विकास बड़े स्तर पर किया जाएगा। मंत्रियों ने बताया कि अमृतसर सहित 4 बड़े शहर जिसमें गुरु साहिब जी के चरण पड़े थे, उनमें बाबा बकाला साहिब, जालंधर और आनंदपुर साहिब में कीर्तन दरबार करवाए जाएंगे। इसके अलावा 24 नवंबर को विधानसभा का विशेष सेशन बुलाया जाएगा। साथ ही पंजाब के सभी जिलों में लाइट एंड साउंड व ड्रोन शो प्रोग्राम करवाए जाएंगे। मीटिंग में विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल, विधायक जीवनजोत कौर, विधायक दलबीर सिंह टौग, विधायक जसबीर सिंह संधू, पर्यटन विभाग के एडवाइजर दीपक बाली और पर्यटन विभाग के डायरेक्टर संजीव तिवारी भी मौजूद थे। उन्होंने जिला प्रशासन और अलग-अलग विभागों के अधिकारियों को प्रोग्रामों बारे विस्तार से जानकारी दी और संगत की सुविधा के लिए किए जाने वाले प्रबंधों बारे हिदायतें जारी की। मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने बताया कि 25 नवंबर को शाम 7 बजे मिसाल-ए-शहादत की रोशनी में राज्यभर की सरकारी इमारतों को गुरु साहिब की शहादत को समर्पित करते हुए लाइटिंग की जाएगी। वहीं पंजाब के सभी शैक्षणिक संस्थाओं में श्री गुरु साहिब जी की जिंदगी और शहादत संबंधी सेमिनार भी करवाए जाएंगे। डिप्टी कमिश्नर साक्षी साहनी ने जिले में करवाए जाने वाले प्रोग्राम और विकास कामों की रूप रेखा मंत्री से सांझी की। इस मौके पर मेयर जतिंदर सिंह मोती भाटिया, एसएसपी देहाती मनिंदर सिंह, डीसीपी लॉ एंड आर्डर आलम विजय सिंह, गुरप्रताप सिंह, जसकरन सिंह बदेशा, सोनिया मान व अन्य मौजूद थे।


