भास्कर न्यूज | अमृतसर भारत मौसम विज्ञान विभाग के 150वें स्थापना दिवस के मौके पर श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर समागम हुआ। एयरपोर्ट के भीतर स्थित वैमानिकी मौसम विज्ञान स्टेशन में हुए समारोह में बतौर मुख्य मेहमान एयरपोर्ट डायरेक्टर संदीप अग्रवाल रहे। स्टेशन मुखी शशांक वर्मा, वैज्ञानिक-डी का अगुवाई में हुए इस आयोजन में नारायण ई टेक्नो ब्लू वैली के बच्चे भी शामिल रहे। वर्मा ने बताया कि इस मौके पर बच्चों और उपस्थित लोगों को उनका विभाग कैसे काम करता इसकी जानकारी दी गई और पीपीटी भी दिखाई गई। वर्मा ने उपस्थित लोगों को बताया कि मौसम का पूर्वानुमान विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की एक ऐसी शाखा है जिसमें किसी स्थान के वायुमंडलीय दशाओं की वैज्ञानिक भविष्यवाणी की जाती है। पिछले कुछ समय से भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने समुद्री चक्रवातों और तूफानों का सटीक आकलन करना प्रारंभ कर दिया है। जिससे न केवल करोड़ों-अरबों रुपए की राष्ट्रीय संपत्ति का कम-से-कम नुकसान हुआ है, बल्कि जान-माल का भी कम-से-कम नुकसान हुआ है। समागम में विशेष मेहमानों में स्कूल की वाइस प्रिंसिपल साक्षी, जीएनडीयू के प्रोफेसर डॉ. रविंदर सिंह साहनी, सीआईएसएफ की सीनियर कमांडेंट तुषार डॉ. शेखर, बीसीएएस के सीनियर अफसर रंजन सिंह मौजूद रहे।


