भास्कर न्यूज | राजनांदगांव बौद्ध कल्याण समिति शाखा तुलसीपुर का रविवार को प्रज्ञा बौद्ध विहार तुलसीपुर में बौद्ध युवक-युवती परिचय सम्मेलन हुआ। बौद्ध समाज के प्रवक्ता विनोद श्रीरंगे ने बताया कि इस परिचय सम्मेलन में लगभग 141 युवक युवती ने भाग लेने के लिए पंजीयन कराया और परिचय देने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम में युवक-युवती के साथ उनके पालकों की उपस्थिति भी थी। कार्यक्रम में लगभग 400 से 450 की संख्या में लोग शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत बौद्ध गुरु भंते धम्मपाल ने तथागत एवं बोधिसत्व बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा को माल्यार्पण एवं त्रि शरण पंचशील प्रदान कर और दीप प्रज्ज्वलित कर की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिकजन उपस्थित थे। ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने समाज को हौसला दिया। सभी बच्चों ने अपनी बारी का इंतजार करते हुए अवसर मिलने पर अपना परिचय दिया। कार्यक्रम का संचालन पुष्पलता गणवीर व समिति अध्यक्ष महेंद्र नागदेव ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बौद्ध कल्याण समिति शाखा तुलसीपुर अध्यक्ष महेन्द्र नागदेवे, सचिव रवि गणवीर आदि मौजूद थे।


