लुधियाना| थाना डिवीजन-5 क्षेत्र में विदेश भेजने के नाम पर बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित जसपाल कौर ने बताया कि वह अपनी बहू सुखदीप कौर को विदेश भेजना चाहती थीं। इस दौरान सुखदीप कौर के भाई ने उनकी मुलाकात हरजीत सिंह से करवाई, जिसने भरोसा दिलाया कि वह पहले भी कई लोगों को बाहर भेज चुका है। भरोसा जताते हुए जसपाल कौर ने वीज़ा प्रक्रिया के लिए 20 लाख 50 हजार रुपए हरजीत सिंह को दे दिए। आरोप है कि उसने पीड़िता को बिना बताए कनाडा के सरकारी कॉलेज की बजाय एक प्राइवेट कॉलेज में दाखिला करवा दिया। अप्रैल 2024 में सुखदीप कौर विदेश चली गईं, लेकिन वहां पहुंचकर उन्हें पूरे मामले का पता चला। दोषी ने सिर्फ एक सेमेस्टर की फीस (5.38 लाख रुपए) जमा करवाई। इसके बाद न तो अगले सेमेस्टर की फीस भरी और न ही जीआईसी के पैसे सुखदीप कौर के खाते में डाले। डिवीजन-5 थाना पुलिस ने पीड़िता के बयान पर हरजीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी रणजीत सिंह के मुताबिक, मामले की गहनता से जांच जारी है और दोषी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।


